प्रदेश में सोमवार को ठंड में बारिश का तड़का लग गया। मौसम ने पलटी मारी और बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जैसलमेर, बीकानेर व हनुमानगढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश हुई। बीकानेर जिले में
पोकरण में सुबह करीब दो घंटे बारिश हुई वहीं जैसलमेर जिले में कई स्थानों पर रात दो बजे बारिश शुरू हुई जो चार बजे तक जारी रही। यहां कई जगहों पर ओले भी गिरे। वहीं जयपुर सहित अधिकांश स्थानों पर बादल छाए रहे। जयपुर में दिनभर तेज हवा चलती रही। दिन में हवा 42 किलोमीटर की रफ्तार से चली।
हनुमानगढ़ व बीकानेर में सुबह सात बजे बरसात शुरू हुई जो रुक-रुक कर दोपहर तक जारी रही। बीकानेर में दोपहर 12 बजे तक 10.6 मिमी बारिश हुई तथा तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट आई। इससे सर्दी बढ़ गई।
बीती रात अजमेर में तापमान पांच डिग्री से भी अधिक की बढ़ोतरी के साथ 7.3 से 12.7 डिग्री, जयपुर में भी पांच डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 6.6 से 11.4 डिग्री पर पहुंच गया। सीकर में पारा छह डिग्री की बढ़त के साथ 5.0 से 11.5 डिग्री पर चला गया। डबोक में पारा 7.5 से छह डिग्री की बढ़त के साथ 13.6 डिग्री हो गया। वहीं राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंटआबू में पारा 10.4 डिग्री पर रहा। पिछले 24 घंटों में पिलानी में 0.2 मिमी, जैसलमेर में 13.7, फलौदी में 07.6, बीकानेर 05.4 तथा गंगानगर में 31.4 मिमी बारिश हुई।
जयपुर में पतंगबाजों को निराश नहीं करेगी हवा
हवा की रफ्तार : मौसम विभाग के अनुसार सुबह के दौरान जमीन से 10 मीटर ऊपर उत्तर से पूर्व की ओर चलने वाली हवा की रफ्तार 10 से 18 किमी प्रतिघंटा रहेगी, जबकि 500 मीटर ऊपर रफ्तार 18-28 प्रति घंटा रहेगी। दोपहर बाद हवा की दिशा बदलकर दक्षिण से पश्चिम की ओर रहने के आसार है। इस दौरान दिन का तापमान 21.0 और न्यूनतम 8.0 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर तथा पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, नागौर जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। 15 को मौसम साफ रहेगा लेकिन 16 को सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करोली, सवाईमाधोपुर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा व बूंदी में ओलावृष्टि हो सकती है।
बिजली गिरने से एक किशोर की मौत
उपखंड के जसरासर थाना क्षेत्र के काकड़ा गांव में सोमवार सुबह बारिश बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन लोग खेत में कार्य कर रहे थे। तभी बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने को तीनों पेड़ के नीचे गए। तभी पेड़ पर बिजली गिर गई जिससे अशोक पुत्र नरसीराम नाइक (16) घायल हो गया।
उसे नोखा बागड़ी रेफरल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका भाई नरसी की हालत देखकर सदमे में आ गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका एक साथी तेज आवाज सुनकर भाग निकला। हादसे का पता चलते ही जसरासर पुलिस पहुंची।
बीती रात कहां कितना रहा तापमान
| अजमेर | 12.7 |
| वनस्थली | 8.0 |
| अलवर | 8.2 |
| जयपुर | 11.4 |
| सीकर | 11.5 |
| कोटा | 8.0 |
| सवाईमाधोपुर | 8.6 |
| बूंदी | 6.0 |
| डबोक | 13.6 |
| बाड़मेर | 10.7 |
| एरन रोड | 11.0 |
| जैसलमेर | 8.6 |
| जोधपुर | 14.1 |
| माउंटआबू | 10.4 |
| फलौदी | 9.8 |
| बीकानेर | 9.5 |
| चूरू | 13.6 |
गंगानगर | 9.9 |